स्कूली बच्चों का बढ़ता आंदोलन: जेन जी से जेन अल्फा तक बदलती आवाज
देश के अलग-अलग हिस्सों में स्कूली बच्चों और युवा छात्रों से जुड़े विरोध-प्रदर्शनों की बढ़ती घटनाएं शिक्षा व्यवस्था और बदलती पीढ़ी के बीच संवाद की नई चुनौती की ओर संकेत कर रही हैं। कभी फीस, कभी परीक्षा, कभी शिक्षकों की कमी, कभी पाठ्यक्रम, कभी स्कूल के रास्तों की बदहाली और परिसर की अव्यवस्थाओं और कभी प्रशासनिक फैसलों को लेकर उठ रही छात्र आवाज अब केवल शिकायतों तक सीमित नहीं रह गई हैं। जेन जी के बाद अब जेन अल्फा की पीढ़ी भी अपने सवालों और अधिकारों को लेकर पहले की तुलना में अधिक मुखर दिखाई दे रही है।
इस बदलाव को केवल अनुशासनहीनता या विरोध के रूप में देखना उचित नहीं होगा। आज का बच्चा सूचना और तकनीक के ऐसे दौर में बड़ा हो रहा है, जहां मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए उसे देश-दुनिया की घटनाओं की तत्काल जानकारी मिलती है। वह सवाल करता है, अपनी बात रखता है और उसे लगता है कि उसकी बात नहीं सुनी जा रही है तो सामूहिक रूप से आवाज उठाने से भी पीछे नहीं हटता।
हालांकि, स्कूली बच्चों का सड़कों पर उतरना एक गंभीर संकेत भी है। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं, जिनमें बच्चे और छात्र अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्कूल प्रशासन या अभिभावकों से आगे जाकर सार्वजनिक प्रदर्शन का रास्ता चुन रहे हैं? यह सवाल केवल स्कूल प्रबंधन का नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग, प्रशासन और पूरे समाज का है।
जरूरत इस बात की है कि स्कूलों में प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाई जाए। छात्रों के साथ नियमित संवाद हो, अभिभावकों की भागीदारी बढ़े और छोटे-छोटे विवादों को समय रहते बातचीत के जरिए सुलझाया जाए। बच्चों की जायज शिकायतों को सुनना और उनका समाधान करना व्यवस्था की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी संवेदनशीलता का प्रमाण है।
साथ ही, बच्चों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की शिक्षा भी दी जानी चाहिए। विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन विरोध का तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहें, भीड़ का दबाव या उग्र प्रदर्शन किसी जायज मुद्दे को भी गलत दिशा में ले जा सकते हैं।
जेन जी और जेन अल्फा की पीढ़ी को केवल आदेश मानने वाला विद्यार्थी बनाने के बजाय सवाल पूछने वाला, तर्क करने वाला और जिम्मेदार नागरिक बनाना होगा। आज के छात्र आंदोलनों को इसी बदलती सामाजिक चेतना के संकेत के रूप में देखने की जरूरत है।
देश के नीति-निर्माताओं और शिक्षा व्यवस्था के सामने अब चुनौती साफ है—बच्चों की आवाज को दबाना नहीं, उसे सुनना है; सवालों से डरना नहीं, उनके जवाब देने की व्यवस्था बनानी है। अगर संवाद के रास्ते खुले रखे गए तो यही मुखर पीढ़ी भविष्य के भारत की सबसे मजबूत लोकतांत्रिक ताकत बन सकती है।