अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर निगम में विशेष सदन का आयोजन
लखनऊ, 09 मार्च। नगर निगम ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष सदन का आयोजन किया। इस विशेष सदन का मुख्य उद्देश्य समाज और नगर निगम में महिलाओं के योगदान को पहचानना और उन्हें सम्मानित करना था। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने जिले की 40 महिला पार्षदों, नगर निगम की महिला अधिकारियों, महिला कर्मचारियों व सफाई मित्र बहनों को सम्मानित किया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने महिलाओं के योगदान पर उनका आभार व्यक्त किया।
विशेष सदन की अध्यक्षता करते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभा रही हैं और नगर निगम के कार्यों में भी महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लखनऊ नगर निगम की सफाई व्यवस्था हो या प्रशासनिक कार्य, महिलाएं हर मोर्चे पर मजबूती से खड़ी हैं और यह गर्व का विषय है।
महापौर ने महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
महापौर ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण तभी संभव है जब उन्हें हर क्षेत्र में बराबरी का अवसर मिले और समाज में उन्हें सम्मानजनक स्थान दिया जाए। उन्होंने उपस्थित महिला कर्मचारियों, महिला सफाई मित्रों और महिला पार्षदों का विशेष रूप से आभार प्रकट करते हुए कहा कि लखनऊ शहर की स्वच्छता और विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
महिला दिवस पर उत्कृष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित
नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष सदन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज और नगर निगम का नाम रोशन किया है।
शिल्पा कुमारी (जोनल अधिकारी, जोन-2, नगर निगम लखनऊ)
महापौर ने नगर निगम लखनऊ के जोन-2 की जोनल अधिकारी शिल्पी कुमारी को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने नगर निगम के तहत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान के लिए माननीय महापौर जी ने उन्हें सम्मानित किया।
महिला सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित
सदन के दौरान नगर निगम के सफाई मित्र बहनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। माननीय महापौर ने कहा कि सफाई मित्रों का कार्य सबसे महत्वपूर्ण है और उनके बिना शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना संभव नहीं है। नगर निगम की ओर से सफाई मित्र बहनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाई मित्र (ड्राइवर) मीरा कश्यप, सोना, मंजूवारा, रसना खातून और मीनू को सम्मानित किया गया।
महिला पार्षदों की भूमिका को सराहा
विशेष सदन में उपस्थित जिले की 40 महिला पार्षदगण ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने नगर निगम के कार्यों में अपनी भागीदारी और चुनौतियों के बारे में चर्चा की। महिला पार्षदों ने कहा कि वे सदन के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों और सुविधाओं के लिए लगातार कार्य करती रहेंगी और समाज में महिलाओं को बराबरी का स्थान दिलाने के लिए प्रयासरत रहेंगी।