बाबा साहब की जयंती पर लें आत्मनिर्भर भारत का संकल्प- सीएम योगी
– बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस में शामिल हुए सीएम योगी
– सीएम योगी ने विवि के छात्र-छात्राओं को किया संबोधितस कहा- बाबा साहब के जीवन को बताया संघर्ष, शिक्षा, और समानता का प्रतीक
– उत्तर प्रदेश निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बन गया है, जहां एमएसएमई इकाइयों को बढ़ावा दिया जा रहा है- मुख्यमंत्री
– उद्यमों को प्रोत्साहित करना जरूरी है, अन्यथा अर्थव्यवस्था डगमगा सकती है, कानपुर और कलकत्ता से लें सीख- सीएम योगी
– सीएम योगी ने युवाओं से वैश्विक नेतृत्व के लिए तैयार होने का किया आह्वान
– विदेशी प्रभाव को प्राथमिकता देने का परिणाम हमारी पीढ़ियों ने भुगता- सीएम योगी
– अधिकार तभी सुरक्षित रहेंगे, जब हम अपने कर्तव्यों को निभाएंगे- सीएम योगी
– 2014 से पहले भारत पहचान और अविश्वास का शिकार था, आज 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था है- योगी
लखनऊ, 14 अप्रैल।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के अवसर पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस में शामिल हुए। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में पूर्व छात्रों को उनके व्यवसाय, उद्यमशीलता, और शोध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सीएम योगी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब के कथन, “आदि से अंत तक मेरी पहचान एक भारतीय के रूप में होनी चाहिए,” जो उनके जीवन और संविधान निर्माण की प्रेरणा का आधार रहा। अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने छात्रों, शिक्षकों, और उपस्थित जनसमुदाय के बीच बाबा साहब की प्रेरणा और उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर, विकसित और वैश्विक पहचान दिलाने के अपने विजन पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का अह्वान किया।
सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, और समानता का प्रतीक है, जो हमें प्रेरित करता है। उन्होंने बाबा साहब के उस कथन को रेखांकित किया, जिसमें उन्होंने अपनी पहचान को भारतीयता से जोड़ा था। सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहब का बचपन अभाव और सामाजिक भेदभाव में बीता, लेकिन वे असाधारण परिश्रम से विदेश में उच्च शिक्षा हासिल की। वे देश के पहले अर्थशास्त्री बने और संविधान के शिल्पी के रूप में भारत को लोकतंत्र की नींव दी। 1952 में हर नागरिक को समान मताधिकार देने का उनका सपना भारत को लोकतंत्र की शक्ति बना गया, जो आज भी प्रासंगिक है। सीएम ने कहा कि बाबा साहब की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत संघर्ष की जीत थी, बल्कि पूरे समाज को मुक्ति दिलाने का एक ऐतिहासिक प्रयास था।
अधिकार तभी सुरक्षित रहेंगे, जब हम अपने कर्तव्यों को निभाएंगे- सीएम योगी सीएम योगी ने संविधान के अमृत महोत्सव का उल्लेख करते हुए इसे एक शानदार यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा हमें कर्तव्यों और अधिकारों के संतुलन का एहसास कराती है। अधिकार तभी सुरक्षित रहेंगे, जब हम अपने कर्तव्यों को निभाएंगे। बाबा साहब के संविधान ने शिक्षा और समग्र विकास पर जोर दिया, जो भारतीय परंपराओं के अनुरूप है। सीएम योगी ने उपनिषद के ‘अनु भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः’ (हर ओर से अच्छे विचार और ज्ञान आएं) के संदेश को याद करते हुए कहा कि बाबा साहब ने भी इसी भावना से शिक्षा को बढ़ावा दिया। उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने बीएससी, अर्थशास्त्र में उच्चतम डिग्री, और कई विषयों में विशेषज्ञता हासिल की, जो उनकी बौद्धिक शक्ति का प्रमाण है। यह शिक्षा ही थी, जिसने उन्हें महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ की छात्रवृत्ति दिलाई और विदेश में पढ़ाई का मार्ग प्रशस्त किया।