महिला रेलकर्मियों ने किया नैमिषारण्य धाम का भ्रमण
लखनऊ, 11 नवंबर।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक विशेष पहल की गई। इसके तहत लखनऊ परिक्षेत्र की 46 महिला रेल कर्मचारियों को कर्मचारी कल्याण निधि के माध्यम से नैमिषारण्य धाम एवं आसपास के धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण शिविर में महिला रेलकर्मियों ने ललिता देवी मंदिर, हनुमानगढ़ी मंदिर, चक्रतीर्थ, बालाजी मंदिर, विष्णु मंदिर और वेद व्यास पीठ सहित विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों के दर्शन किए। इस दौरान महिलाओं ने नैमिषारण्य के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी प्राप्त की।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस भ्रमण शिविर का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ ही उनके मानसिक तनाव को कम करना और आपसी सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन कर्मचारियों में कार्य के प्रति उत्साह, सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
रेलवे प्रशासन की इस पहल से महिला रेलकर्मियों को कार्य की व्यस्तता के बीच धार्मिक पर्यटन और आपसी मेलजोल का अवसर मिला।