स्वच्छता सर्वेक्षण में लखनऊ का जलवा, देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में बनाई जगह

स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में राजधानी लखनऊ ने देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपना स्थान बरकरार रखा है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया। इस उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ा है।

लखनऊ के साथ वाराणसी और गाजियाबाद ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वाराणसी ने देश के शीर्ष तीन नदी तटीय स्वच्छ नगरों में जगह बनाई, जबकि गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर बनकर उभरा।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के शहर स्वच्छता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय सफाई मित्रों की मेहनत, नगर निकायों के अधिकारियों और आम नागरिकों की जनभागीदारी को दिया। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान को निरंतर बनाए रखने के लिए कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, बेहतर प्रबंधन और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।