लखनऊ हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात सुरक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स कर्मी दिवस मनाया गया
*12 नवम्बर , लखनऊ*
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात सुरक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स कर्मी दिवस-2026 मनाया गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से हवाई यातायात सेवा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विमानन सुरक्षा और हवाई यातायात के सुचारु संचालन में तकनीकी कर्मियों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, लखनऊ के संचार, नेविगेशन एवं निगरानी प्रभारी ए. ए. अंसारी के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल उपस्थित रहे। इस अवसर पर लखनऊ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी दर्शन सिंह, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रभारी अधिकारी कमल किशोर सहित विमानन क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ए. ए. अंसारी ने कहा कि विमानन सुरक्षा और हवाई यातायात के निर्बाध संचालन में संचार, दिशा निर्धारण, निगरानी एवं स्वचालन प्रणालियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। रडार, स्वचालित निर्भर निगरानी-प्रसारण, दूरी मापन उपकरण, यंत्र आधारित अवतरण प्रणाली और अति उच्च आवृत्ति संचार जैसी आधुनिक तकनीकें हवाई यातायात को सुरक्षित बनाने में अहम योगदान दे रही हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. आशीष कुमार गोयल ने तकनीकी कर्मचारियों के समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए निरंतर प्रशिक्षण, तकनीकी उन्नयन और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत संबोधन, केक काटने, अतिथियों के साथ संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।