वैश्विक स्तर पर Microsoft की सेवाएं बाधित; Outlook, Teams और Copilot के लाखों यूज़र्स परेशान

टेक दिग्गज कंपनी Microsoft की कई प्रमुख डिजिटल सेवाएं, जिनमें Outlook, Teams और Copilot शामिल हैं, पिछले 24 घंटों से एक बड़े तकनीकी आउटेज की चपेट में हैं। इस अचानक आए व्यवधान के कारण दुनिया भर के कॉर्पोरेट और व्यक्तिगत यूज़र्स का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि यह समस्या किसी साइबर हमले या सुरक्षा चूक का नतीजा नहीं है, बल्कि सर्वरों के अचानक बंद होने के कारण उत्पन्न हुई है। कुछ सर्वरों के ठप होने से बाकी के आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी दबाव बढ़ गया, जिससे अन्य सेवाएं भी बाधित होने लगीं।

यह तकनीकी खराबी गुरुवार देर रात, भारतीय समयानुसार लगभग 11:30 बजे शुरू हुई थी। शुरुआत में यूज़र्स को लॉगिन करने, ईमेल भेजने-प्राप्त करने और क्लाउड-आधारित टूल्स का उपयोग करने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। Microsoft की इंजीनियरिंग टीम ने समस्या की पहचान होते ही इसे ठीक करने का काम शुरू कर दिया, हालांकि शुरुआती रिकवरी कोशिशों के दौरान सिस्टम में कुछ और तकनीकी अड़चनें भी देखने को मिलीं।

ताज़ा स्थिति के मुताबिक, Microsoft अपनी सर्वर स्टेबिलिटी को बहाल करने में तेजी से जुटा हुआ है और सिस्टम के प्रदर्शन में धीरे-धीरे सुधार देखा जा रहा है। कंपनी अपने आधिकारिक Microsoft 365 एडमिन सेंटर और सोशल मीडिया हैंडल्स के ज़रिए प्रभावित यूज़र्स को पल-पल की जानकारी दे रही है। Microsoft ने आश्वासन दिया है कि शेष बची हुई तकनीकी खामियों को दूर करने का काम अंतिम चरण में है और जल्द ही सभी सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी।