विधानसभा चुनाव 2027 में धनबल और प्रलोभन पर रहेगी कड़ी नजर
23 केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियां करेंगी निगरानी, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तैनात होंगी उड़नदस्ता और स्थैतिक निगरानी दलों की 9-9 टीमें
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान धनबल और मतदाताओं को प्रलोभन देने की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों का चिन्हांकन किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ में 23 केंद्रीय एवं राज्य प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी खर्च पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगदी, शराब, मादक पदार्थों, बहुमूल्य धातुओं और मतदाताओं को मुफ्त बांटी जाने वाली वस्तुओं के अवैध परिवहन एवं वितरण पर विशेष नजर रखी जाए।
इस निगरानी अभियान में आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय (ED), GST, कस्टम, पुलिस, आबकारी, रेलवे, RBI और SSB समेत 23 एजेंसियां शामिल रहेंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उड़नदस्ता (FST) और स्थैतिक निगरानी दल (SST) की नौ-नौ टीमें सक्रिय रहेंगी। अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट बनाकर सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध बैंक लेनदेन तथा बड़ी मात्रा में नकदी जमा और निकासी पर भी निगरानी रखी जाएगी।