जीएम ने ऐशबाग और बादशाहनगर स्टेशन का किया निरीक्षण, ट्रैक की संरक्षा परखी

लखनऊ, 14 नवम्बर

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ गौरव अग्रवाल के साथ ऐशबाग जंक्शन और बादशाहनगर रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ की संरक्षा, तकनीकी व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऐशबाग जंक्शन पर महाप्रबंधक ने मेन लाइन के रेलपथ का टो-लोड परीक्षण कराया। इसके साथ ही अन्य लाइनों पर भी टो-लोड का मापन कराया गया। इसके माध्यम से रेलपथ की फिटिंग और संरक्षा की स्थिति परखी गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित परीक्षण कराने तथा रेलपथ की संरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने स्टेशन के केंद्रीकृत पैनल कक्ष का निरीक्षण कर वी.डी.यू. पैनल, पावर सप्लाई डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड, क्लैम्प पैड लॉक सहित विभिन्न संरक्षा उपकरणों की जांच की। इसके अलावा आई.पी.एस. एवं रिले कक्ष का निरीक्षण किया और फायर अलार्म प्रणाली का परीक्षण भी किया। उन्होंने सभी उपकरणों के नियमित रखरखाव पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने ऐशबाग स्थित रेलवे मनोरंजन केंद्र के नवीनीकरण और बच्चों के लिए लगाए गए झूलों सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। चिकित्सा परिचारिका बादशाहनगर सलमा सबी खाँ ने महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक की उपस्थिति में नवीनीकृत मनोरंजन केंद्र का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में कर्मचारी कल्याण निधि से रेल कर्मचारियों के 25 आश्रित बच्चों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए गए। वहीं, मंडल में कार्यरत 57 महिला रेल कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार देकर सम्मानित किया गया।