युवाओं को आधुनिक संसाधनों से जोड़कर प्रतिभा निखार रही डबल इंजन सरकार: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टैबलेट वितरण कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे केवल अवसर और आधुनिक संसाधनों की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में युवाओं को जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा गया तथा उनकी प्रतिभा को तकनीक का साथ देने के लिए ठोस पहल नहीं हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलते हुए डिजिटल इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाया है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी युवा की प्रतिभा के आड़े न आए और प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत से सफलता की नई कहानी लिखे।